Ghansyam Sharma / Thu, Jul 9, 2026 / Post views : 44
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग तथा भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में ऑडिटोरियम कोण्डागांव में तेजस स्टार्टअप कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले के युवाओं, उद्यमियों, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों एवं स्वरोजगार में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों को स्टार्टअप, नवाचार, फंडिंग एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी रहीं। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, यशोदा कश्यप एवं प्रेम सिंह नाग सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने स्टार्टअप पंजीयन, नया व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, वित्तीय सहायता, व्यवसाय विस्तार एवं उद्यमिता विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों ने अपने स्टार्टअप आइडिया भी साझा किए और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने कहा कि शासन युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना सहित अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा और कौशल को पहचानकर उसे सफल उद्यम में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज व्यवसाय के प्रचार-प्रसार का प्रभावी माध्यम है, जिसका उपयोग कर युवा अपने उत्पादों और सेवाओं को व्यापक बाजार तक पहुंचा सकते हैं।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक हिमालय सेठिया, सहायक संचालक कुसुमलता नेताम, वीरेन्द्र तांडेकर सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन