Ghansyam Sharma / Thu, Apr 10, 2025 / Post views : 197
विधानसभा चुनाव में किए वादे को निभाओ, 25 हजार मानदेय देने की मांग
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
तेंदूपत्ता फड़ मुंशी संघ की संभाग स्तरीय बैठक गुरुवार को कोण्डागांव के कलार समाज भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में फड़ मुंशियों के साथ हो रहे अन्याय और सरकार द्वारा की जा रही उपेक्षा पर गहरी चिंता जताई गई।
बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश संयोजक रमेश यदु ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा सरकार ने फड़ मुंशियों को सालाना 25,000 रुपए मानदेय देने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान में केवल 7,200 रुपए ही दिए जा रहे हैं। यह राशि माह में केवल 600 रुपए बैठती है, जोकि आज के समय में एक दिहाड़ी मजदूर की आय से भी कम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को सत्ता में आए लगभग डेढ़ वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक फड़ मुंशियों की मांगों पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार फड़ मुंशियों की उपेक्षा कर रही है।
फड़ मुंशी संघ ने ऐलान किया है कि आने वाले समय में बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है। बैठक में रतन सिंह नाग, चैत सिंह सहित संघ के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
सोत्र-तेंदूपत्ता फड़ मुंशी संघ से मिली जानकारी अनुसार।।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन