Ghansyam Sharma / Thu, Nov 26, 2026 / Post views : 3
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले में पीडीएस चावल की कथित कालाबाजारी का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। कोण्डागांव स्थित माजीसा राइस मिल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का चावल खपाए जाने के आरोप पर स्थानीय पत्रकारों ने प्रशासन से शिकायत की। शिकायत के बाद प्रशासनिक जांच टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक मिल में जांच-पड़ताल की। इस दौरान संदिग्ध चावल का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजकर 29 मिनट पर एक स्थानीय पत्रकार ने एसडीएम कोण्डागांव असवन पुसाम को फोन कर राइस मिल में पीडीएस चावल खपाए जाने की सूचना दी थी। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम भेजने की बात कही। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और मिल में उपलब्ध चावल की जांच की।
बताया जा रहा है कि एक अज्ञात व्यक्ति दोपहिया वाहन से चावल लेकर राइस मिल पहुंचा था। आरोप है कि इस चावल को मिल में खपाने की कोशिश की गई। हालांकि, चावल का वास्तविक स्रोत और उसे मिल तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सिर्फ सैंपल जांच से नहीं खुलेगा पूरा मामला
जांच टीम ने संदिग्ध चावल का नमूना तो एकत्र कर लिया, लेकिन इस पूरे मामले में कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। आखिर चावल कहां से आया? दोपहिया वाहन से उसे कौन लेकर पहुंचा था? क्या चावल पीडीएस दुकानों से निकाला गया था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है?
इन सवालों का जवाब तलाशने के लिए चावल के स्रोत से लेकर उसके परिवहन और मिल तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की जांच जरूरी है। केवल सैंपल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई सीमित रह गई तो कथित कालाबाजारी के असली जिम्मेदारों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
प्रशासन की निष्पक्षता की होगी परीक्षा
फिलहाल संदिग्ध चावल की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। जांच में दोपहिया वाहन से चावल लाने वाले व्यक्ति की पहचान, चावल के स्रोत और मिल में उसकी मौजूदगी के कारणों का खुलासा होना जरूरी है। देखना होगा कि प्रशासन इस मामले की तह तक पहुंचकर पीडीएस चावल की कथित कालाबाजारी के नेटवर्क का पर्दाफाश कर पाता है या मामला महज सैंपल जांच तक सीमित रह जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन