Ghansyam Sharma / Mon, Jun 22, 2026 / Post views : 81
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में केशकाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 19 जून को थाना केशकाल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अगस्त 2025 में आरोपी ईश्वर जैन उसे शादी का झांसा देकर जंगल ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ तमिलनाडु ले गया, जहां दोनों एक किराए के कमरे में रहे। इस दौरान आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने की जानकारी देने पर आरोपी ने घर में जरूरी काम होने की बात कहकर जल्द लौटने और शादी करने का वादा किया, लेकिन वह वापस नहीं आया। बाद में जब पीड़िता किसी तरह केशकाल पहुंची और आरोपी से शादी करने की बात कही, तो उसने साफ इनकार कर दिया तथा अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा तथा एसडीओपी केशकाल अरुण कुमार नेताम के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी ईश्वर जैन (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन