Ghansyam Sharma / Sat, Apr 12, 2025 / Post views : 176
रायपुर। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती क्षेत्र के घने जंगलों में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। यह मुठभेड़ राज्य में नक्सल विरोधी अभियान के तहत की गई एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस सफलता पर सुरक्षाबलों को बधाई देते हुए कहा, "हमारे वीर जवानों ने एक बार फिर अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है। मैं सभी जवानों को उनके इस सफल अभियान के लिए हृदय से बधाई और धन्यवाद देता हूँ। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा तैयार की गई ठोस रणनीति के तहत नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता और समन्वय के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मार्च 2026 तक बस्तर सहित पूरा देश नक्सलवाद की काली छाया से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ बस्तर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और नक्सल प्रभावित लोगों के पुनर्वास को लेकर भी गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने नक्सलवाद के रास्ते पर भटके लोगों से मुख्यधारा में लौटने की अपील करते हुए कहा कि पुनर्वास नीति के तहत उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया जाएगा। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक लगभग 150 नक्सली मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं, जो सरकार की रणनीति की सफलता को दर्शाता है।
सोत्र-prograhmantri
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन