Ghansyam Sharma / Thu, Oct 9, 2025 / Post views : 273
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री टिकेश्वर जैन ने आज अटल सदन, कोंडागांव में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “आत्मनिर्भर भारत–संकल्प अभियान” की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 सितंबर पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती से शुरू होकर 25 दिसंबर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जयंती तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य “हर घर स्वदेशी – घर-घर स्वदेशी” का संदेश जन-जन तक पहुँचाना और ‘Vocal for Local’ के संकल्प को मजबूत करना है।
श्री जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ी उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 2014–15 में भारत का रक्षा निर्यात ₹1,941 करोड़ था, जो 2024–25 में बढ़कर ₹23,622 करोड़ हो गया है। साथ ही देश में 100 से अधिक यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स की स्थापना आत्मनिर्भर भारत की सफलता का प्रतीक है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर भारत का अग्रणी राज्य बनाने के लिए कटिबद्ध है। अगले पाँच वर्षों में राज्य का लक्ष्य GSDP दोगुना कर ₹10 लाख करोड़ तक पहुँचाना है। इसके लिए स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तकला को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजारों से जोड़ने की रणनीति पर काम चल रहा है। उन्होंने बस्तर की लोककला, चांपा का कोसा, जशपुर की कॉफी, डोकरा कला, टेराकोटा जैसे उत्पादों का उदाहरण दिया और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा हर्बल व जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में पहुँचाने की सराहना की।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल आर्थिक स्वावलंबन नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना है। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी से पर्वों पर स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने का आग्रह किया है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, दीपेश अरोरा, मनोज जैन, गोपाल दीक्षित, आकाश मेहता, नरपति पटेल, कुलवंत चहल, मनोज ध्रुव और संतोष पात्र उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन