Ghansyam Sharma / Wed, Jan 21, 2026 / Post views : 293
केशकाल में दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय बस्तर पंडुम संपन्न
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
जनजातीय बहुल बस्तर अंचल की समृद्ध लोक परंपरा, कला, संस्कृति और जीवनशैली के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित बस्तर पंडुम 2026 का आयोजन जनपद पंचायत केशकाल में 18 से 19 जनवरी तक किया गया। दो दिवसीय इस विकासखंड स्तरीय आयोजन में बस्तर क्षेत्र की पारंपरिक पहचान को मंच प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जनजातीय नृत्य, गीत, नाट्य, वाद्ययंत्र, वेश-भूषा, आभूषण, शिल्प, चित्रकला, पारंपरिक व्यंजन एवं पेय पदार्थ, आंचलिक साहित्य तथा वन औषधियों सहित कुल 12 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आयोजन का उद्देश्य लोककला और संस्कृति का प्रचार-प्रसार करने के साथ-साथ जनजातीय कलाकारों को प्रोत्साहन और सम्मान देना रहा।
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में ग्राम पंचायत स्तर से महिला 107 एवं पुरुष 275 सहित कुल 382 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी पारंपरिक कला और जीवनशैली का सजीव प्रदर्शन कर दर्शकों को आकर्षित किया। चयनित प्रतिभागी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद केशकाल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदिनी पोयाम, जनपद सदस्य हिरमी कुंजाम, सुरेश कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य कपिल कांत नाग, राजेश नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन