Ghansyam Sharma / Fri, Oct 31, 2025 / Post views : 206
मुख्यमंत्री ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ:स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और आमजनों के साथ ‘एकता दौड़’ में हुए शामिल
रायपुर। पत्रिका लुक ( भावेश जैन)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने वाले युगपुरुष थे। अपने अदम्य साहस और दृढ़ निष्ठा से उन्होंने देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी।
मुख्यमंत्री साय ने स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ शास्त्री चौक से शारदा चौक तक आयोजित ‘एकता दौड़’ में भाग लेकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को उनकी दूरदृष्टि और नेतृत्व क्षमता के कारण ‘भारत का लौह पुरुष’ कहा जाता है। राष्ट्र को एकजुट करने के उनके प्रयास भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है। भारत विविधताओं से भरा देश है और ‘विविधता में एकता’ ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि यह जोश सरदार पटेल के प्रति श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
अंत में मुख्यमंत्री ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया और सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन