Ghansyam Sharma / Fri, Jan 2, 2026 / Post views : 229
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
धान उपार्जन केंद्र खाले मुरवेंड में अमानक धान के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। औचक निरीक्षण के दौरान धान को अमानक बताए जाने से नाराज किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसे ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिला।
जानकारी के अनुसार खाद्य अधिकारी कोंडागांव, जिला विपणन अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षक केशकाल द्वारा की गई जांच में दो किसानों का धान अमानक घोषित किया गया। निरीक्षण में किसान मालिकराम सम्पत के 16 बोरा एवं जयचंद मिताली के 5 बोरा धान को रिजेक्ट कर दिया गया, जिससे किसानों में भारी आक्रोश फैल गया।
धान रिजेक्ट किए जाने से नाराज किसानों ने खालेमुखेंड मार्ग पर लगभग आधे घंटे तक चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी मौके पर पहुंच गए और किसानों के समर्थन में खड़े हो गए।
किसानों के समर्थन में जनपद पंचायत केशकाल के जनपद सदस्य रामचरित मंडावी, ग्राम पंचायत चिपरेल के सरपंच शकुमार मरकाम, ग्राम पंचायत अँडेरापाल के सरपंच सुनील सलाम एवं ग्राम पंचायत सत्तिभार के सरपंच प्रतिनिधि तुलेश नेताम भी मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से धान की निष्पक्ष जांच कराने एवं किसानों के साथ अन्याय न करने की मांग की।
सरपंचों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के चलते स्थिति और गंभीर हो गई। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद सड़क जाम हटाया गया, लेकिन किसानों एवं ग्रामवासियों में रोष अब भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी कार्रवाई दोबारा हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन