Ghansyam Sharma / Tue, Jan 6, 2026 / Post views : 233
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
केशकाल विधानसभा अंतर्गत ग्राम बहीगांव में माता महाकाली मंदिर बहीगांव के तत्वावधान में ग्रामीणों के लिए मुफ्त एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की गई। यह सेवा आई श्री अन्नपूर्णा सेवा धाम समिति द्वारा संचालित की जाएगी, जिससे बहीगांव सहित आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
ज्ञात हो कि बहीगांव एवं आसपास का क्षेत्र भौगोलिक रूप से काफी विस्तृत है, जहां आपात स्थिति में एम्बुलेंस के लिए केशकाल अथवा फरसगांव पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय की देरी और मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए माता महाकाली मंदिर बहीगांव के मुख्य संचालनकर्ता गुजरात से पधारे उमेश भाई पटेल द्वारा मंदिर की ओर से मुफ्त एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
इस सेवा का लोकार्पण कार्यक्रम 05 जनवरी 2026 को माता महाकाली मंदिर बहीगांव (चारभाटा मार्ग) में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवचंद मतलाम (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) रहे, जबकि अध्यक्षता श्रीमती रीता शोरी (अध्यक्ष, जिला पंचायत कोण्डागांव) ने की। विशिष्ट अतिथियों में चंद्रकुमार नाग (भूमिदाता), डामेश्वरी रावटे (सरपंच बहीगांव) आकाश मेहता (जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष भाजपा कोण्डागांव), लंबोदर सलाम (मंडल अध्यक्ष भाजपा केशकाल) सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता महाकाली के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पमाला से स्वागत किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में मंदिर समिति की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस को रवाना किया गया।
कार्यक्रम में मंदिर समिति से श्रीमती हिनाबेन पटेल (गुरु मां) सहित समाजसेवी, पुजारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों को गमछा भेंट कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन