Ghansyam Sharma / Wed, Jan 21, 2026 / Post views : 250
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
खंडा देव की पावन भूमि ग्राम धनौरा में रविवार को विराट सनातन संगम का आयोजन किया गया, जिसमें सर्व समाज के प्रमुखों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना, आपसी भाईचारा बढ़ाना तथा बढ़ते मतांतरण पर चिंतन करना रहा।
सनातन संगम में विभिन्न समाजों के प्रमुखों की सहभागिता रही, जिनमें प्रमुख रूप से गोरखनाथ बघेल, धनीराम पोटाई, सरादूराम कश्यप, पुरुषोत्तम कुलदीप, सम्पत नाग, दीपेश सेठिया, सुरेन्द्र नेगी, सियाराम यादव, रामचंद यादव, कृष्णा यदु, जददूनाथ पटेल, कांन्तु पोयाम, मोतीराम पारदी, सुखनंदन कौशिक, संतोष उइके, मनबोध सिंह, गौतम साहू, लोकनाथ राठौर एवं बीजो नाग शामिल रहे। सभी समाज प्रमुखों का सम्मान पाटेश्वरधाम के बालकदास महाराज द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज प्रमुखों ने जातिगत भेदभाव को समाप्त कर आपसी सहयोग से रहने की अपील की तथा बढ़ते मतांतरण पर चिंता व्यक्त की। साथ ही मतांतरित लोगों की समाज में पुनः वापसी की आवश्यकता पर बल दिया गया।
स्वागत भाषण में सामाजिक कार्यकर्ता रोहित कोडोपी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सभी जाति-समाजों को एक मंच पर लाकर गांवों में एकता को मजबूत करना तथा मतांतरण जैसी सामाजिक चुनौतियों पर सामूहिक रूप से विचार कर समाधान की दिशा में प्रयास करना है।
सनातन विकास परिषद के संभागीय अध्यक्ष लोकेश गायकवाड़ ने कहा कि अयोध्या में भगवान रामलला के विराजमान होने के बाद भी सनातन समाज को जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने गांव-गांव ऐसे आयोजनों को बढ़ाने की अपील करते हुए गौसेवा के लिए महाराज के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य वक्ता बालकदास महाराज ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वे 1991 में भी इस क्षेत्र में आए थे और आज पुनः समाज को जागृत करने आए हैं। उन्होंने कहा, “बंटोगे तो घटोगे, इसलिए एक रहो और संगठित रहो। हमें हिंदू होने और हिंदुस्तानी होने पर गर्व करना चाहिए तथा अपने धर्म और देश की रक्षा के लिए एकजुट रहना चाहिए।”
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। मंच संचालन प्रवीण अग्निहोत्री एवं लोकेश गायकवाड़ ने किया। आयोजन को सफल बनाने में धरम राणा, दीपक श्रवण, रूपा जैन, दया साहू, सरपंच, पंचगण एवं ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।
इस गरिमामय अवसर पर सत्यनारायण राठी, रामचंद्र वर्मा, कृष्णदत्त उपाध्याय एवं चिराग उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन