Ghansyam Sharma / Thu, Mar 19, 2026 / Post views : 122
रायपुर। पत्रिका लुक (Bhavesh jain)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ विधानसभा द्वारा धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 पारित किए जाने को राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है। उन्होंने प्रदेशवासियों को हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में प्रलोभन, दबाव और भ्रम के जरिए धर्मांतरण की घटनाओं से सामाजिक ताने-बाने पर असर पड़ा है। नए विधेयक से ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी और समाज में संतुलन व विश्वास मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि अब धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया को पारदर्शी और विधिसम्मत बनाया गया है। इसके तहत संबंधित पक्षों को पहले प्राधिकृत अधिकारी को सूचना देनी होगी, जिसके बाद सार्वजनिक सूचना जारी कर निर्धारित समय में परीक्षण किया जाएगा।
नए कानून में सख्त दंडात्मक प्रावधान जोड़े गए हैं, जिससे अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई संभव होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विधेयक से राज्य में शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और मजबूत होगी।
उन्होंने स्व. दिलीप सिंह जूदेव को श्रद्धांजलि देते हुए उनके धर्मांतरण विरोधी जनजागरण अभियान को प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह कानून प्रदेश में पारदर्शिता, न्याय और सामाजिक एकता को और मजबूत करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन