Ghansyam Sharma / Sat, Apr 18, 2026 / Post views : 63
रायपुर। पत्रिका लुक
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल और मार्गदर्शन में संचालित “दिशा दर्शन भ्रमण” योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। इसी क्रम में सूरजपुर जिले की लगभग 51 महिलाएं, जो विभिन्न स्व सहायता समूहों से जुड़ी हैं, अध्ययन भ्रमण के तहत रायपुर पहुंचीं।
भ्रमण के दौरान महिलाओं ने रायपुर-खरोरा स्थित सोया प्रोसेसिंग प्लांट का अवलोकन किया। यहां उन्होंने उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझा। इस प्रशिक्षण से महिलाओं में स्वरोजगार के प्रति नया आत्मविश्वास विकसित हुआ और उन्होंने अपने क्षेत्रों में छोटे स्तर पर प्लांट स्थापित करने की इच्छा जताई।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी प्लांट परिसर में उपस्थित रहीं और महिलाओं से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और इस तरह के भ्रमण कार्यक्रम उन्हें व्यवहारिक अनुभव प्रदान करते हैं, जो उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को विभिन्न योजनाओं से जोड़ते हुए वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और विपणन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं, बल्कि समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाते हुए अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा भी बन रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन