Ghansyam Sharma / Mon, Dec 15, 2025 / Post views : 248
कोंडागांव । पत्रिका लुक
सुपोषित जीवन अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पोषण सखियों की एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर सुश्री नूपुर राशि पन्ना ने इस अभियान को जिले में कुपोषण के उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कलेक्टर ने पोषण सखियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर कुपोषित बच्चों की शीघ्र पहचान करने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों की आयु एवं वजन से संबंधित सही जानकारी एकत्र कर संबंधित विभाग को समय पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही, बच्चों के समुचित पोषण के लिए निर्धारित आहार चार्ट का पालन करने हेतु परिवारों को प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रकाश डालते हुए कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की समस्या आम तौर पर पाई जाती है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव माँ और शिशु दोनों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसे रोकने के लिए उन्होंने पोषण सखियों से महिलाओं एवं किशोरियों को पोषक आहार के सेवन के प्रति जागरूक करने तथा दैनिक भोजन में मोटे अनाज (मिलेट्स) को नियमित रूप से शामिल करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।
कार्यशाला के दौरान पिरामल फाउंडेशन के जिला लीड प्रदीप राव ने अभियान, उसके उद्देश्यों तथा सामुदायिक स्तर की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य कुपोषण मुक्त ग्राम पंचायतों का निर्माण करना तथा पोषण से संबंधित सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन को समुदायों में स्थापित करना है।
कार्यक्रम में प्रोग्राम लीड सुश्री यास्मिन मेमन, सीडीपीओ संजय पोताई, आईसीडीएस पर्यवेक्षक एवं पोषण सखियां उपस्थित रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन