Ghansyam Sharma / Thu, Aug 14, 2025 / Post views : 222
स्कार्पियो में 750 पौवा अंग्रेजी शराब, एक गिरफ्तार
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (मो.शकील सिद्दीकी)
जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर स्कार्पियो वाहन सहित 11 लाख से अधिक का माल जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रूपेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की स्कार्पियो (क्रमांक CG 04 NX 4179) में अवैध अंग्रेजी शराब लेकर कमेला की ओर जा रहा है। थाना कोण्डागांव और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम बड़े कनेरा रोड पर नाकेबंदी की।
वाहन को रोकने के प्रयास पर चालक ने तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की, जिससे स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक को सुरक्षित निकालकर पूछताछ में उसने अपना नाम शुभम सरकार (30 वर्ष), निवासी डीएनके कॉलोनी, कोण्डागांव बताया।
तलाशी में 750 पौवा मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब (गोवा ब्रांड), कुल 135 बल्क लीटर, कीमत ₹97,500/- बरामद हुई। इसके साथ ₹10 लाख की स्कार्पियो और ₹15,000 का मोटोरोला मोबाइल भी जब्त किया गया। कुल जब्ती मूल्य ₹11,12,500/- आंका गया है।
मामले में अपराध क्रमांक 279/2025, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को उपचार के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय सहित पुलिस टीम के कई जवानों का विशेष योगदान रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन