Ghansyam Sharma / Fri, Oct 3, 2025 / Post views : 197
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
पत्रिका लुक की खबर का बड़ा असर हुआ है। ग्राम पंचायत पुसावण्ड के सचिव ललित सेठिया को ग्रामसभा में नशापान कर पहुँचने और शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में जिला पंचायत सीईओ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दरअसल, ग्राम पंचायत पुसावण्ड में आयोजित ग्रामसभा में पंच, सरपंच और नोडल अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने सचिव से पूर्व में हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा और आगे की योजनाओं की जानकारी मांगी, लेकिन सचिव कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। इसी दौरान उनके व्यवहार पर संदेह होने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और नशे में होने की बात कही।
ग्रामीणों की शिकायत पर जिला अस्पताल कोण्डागांव में सचिव का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें नशापान की पुष्टि हुई। इसके आधार पर जिला पंचायत कार्यालय ने आदेश जारी करते हुए सचिव का यह कृत्य शासकीय कार्यों में गंभीर लापरवाही माना और उन्हें छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के तहत निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कोण्डागांव रहेगा।
ग्राम पंचायत पुसावण्ड का अतिरिक्त प्रभार अब नवल नेताम, सचिव ग्राम पंचायत बोलबोला को सौंपा गया है। इस कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष है और उन्होंने प्रशासन के निर्णय का स्वागत किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन