Ghansyam Sharma / Mon, Nov 10, 2025 / Post views : 160
जगदलपुर। पत्रिका लुक
युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने बस्तर के युवाओं के रोजगार को लेकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने नगरनार, एनएमडीसी किरंदूल-बचेली एवं बस्तर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी पदों पर स्थानीय युवाओं की भर्ती सुनिश्चित करने की मांग की है। यह पत्र उन्होंने जिला कलेक्टर, बस्तर के माध्यम से सौंपा।
हेमंत कश्यप ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में एनएमडीसी नगरनार, किरंदूल, बचेली सहित कई शासकीय व अर्ध-शासकीय संस्थानों में बाहरी व्यक्तियों की नियुक्ति की जा रही है, जबकि स्थानीय योग्य युवक-युवतियाँ बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने इसे बस्तर के युवाओं के साथ अन्याय बताते हुए तत्काल सुधार की आवश्यकता जताई।
उन्होंने मांग की कि नगरनार, एनएमडीसी किरंदूल, बचेली एवं बस्तर के अन्य सरकारी संस्थानों में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी पदों पर स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल डिमरापाल में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति स्थानीय भर्ती प्रक्रिया से की जाए तथा स्थानीय रोजगार आरक्षण नीति शीघ्र लागू की जाए।
कश्यप ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने से न केवल उनका जीवन स्तर सुधरेगा, बल्कि क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास भी गति पकड़ेगा। उन्होंने शासन से इस विषय पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र ठोस निर्णय लेने की अपील की है।


विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन