Ghansyam Sharma / Mon, Sep 14, 2026 / Post views : 54
रायपुर। पत्रिका लुक
पत्रिका लुक। अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। अधिक यातायात वाले स्थानों पर पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करें तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें। बारिश के दौरान सड़क, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या निर्माण कार्य के कारण आवागमन प्रभावित होने की स्थिति में तत्काल सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा गया है।
उन्होंने चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या अन्य एजेंसी की सड़क होने पर जिला प्रशासन संबंधित विभाग से समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान कराए।
वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाकर उन्हें गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन