Ghansyam Sharma / Mon, Sep 14, 2026 / Post views : 49
बलरामपुर। पत्रिका लुक
जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के सभी 2371 आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जनसहयोग से खिलौने उपलब्ध कराए जाएंगे।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से स्वेच्छा से खिलौने दान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने घरों में उपलब्ध ऐसे सुरक्षित और उपयोगी खिलौने, जिनका अब उपयोग नहीं हो रहा है, आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को भेंट कर सकते हैं। इच्छुक लोग नए खिलौने भी दान कर सकते हैं। नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी इस पहल में शामिल हो सकते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला हैं। इन्हें अधिक आनंदमय, आकर्षक और सीखने योग्य बनाने में समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का छोटा सा सहयोग भी किसी बच्चे के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकता है और उसकी सीखने की यात्रा को बेहतर बना सकता है।
प्रशासन के अनुसार खिलौने बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं। खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया से बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति, भाषा, सामाजिक व्यवहार और बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलता है। जनसहयोग से प्राप्त खिलौनों का उपयोग आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए सीखने और खेलने का बेहतर वातावरण तैयार करने में किया जाएगा।
जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग ने नागरिकों से 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचकर ‘आंगन मिलन सेवा’ का हिस्सा बनने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यह पहल बच्चों को खुशियां देने के साथ समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और अपनत्व की भावना को भी मजबूत करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन