Ghansyam Sharma / Sun, Sep 13, 2026 / Post views : 72
कवर्धा। पत्रिका लुक
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को मिशन के रूप में लेकर पूरे नेटवर्क को तोड़ने की जरूरत है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने रविवार को कवर्धा में आयोजित राजनांदगांव रेंज स्तरीय एनडीपीएस एक्ट कार्यशाला में कही। कार्यशाला का आयोजन एनडीपीएस मामलों की विवेचना को गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया।
विजय शर्मा ने कहा कि नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन, भंडारण और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्रवाई केवल तस्कर की गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि नशीला पदार्थ कहां से आया, किसके माध्यम से पहुंचा और आगे कहां भेजा जाना था, इसकी जानकारी जुटाकर नेटवर्क की अंतिम कड़ी तक पहुंचने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने कहा कि एनडीपीएस मामलों में मजबूत साक्ष्य जुटाना बेहद जरूरी है। गवाह उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में वैज्ञानिक, तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों का बेहतर उपयोग कर प्रकरणों को न्यायालय में प्रभावी बनाया जाए। सीसीटीवी और अन्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से तस्करों के संपर्क और गतिविधियों की जानकारी जुटाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि एनडीपीएस के खिलाफ कार्रवाई केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज, युवाओं और आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है। गांजा तस्करी के स्रोतों की पहचान और अवैध खेती पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता भी बताई।
कार्यशाला में आईजी राजनांदगांव रेंज अजय यादव, एसपी जितेंद्र कुमार यादव सहित पुलिस अधिकारी एवं विवेचना अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एनडीपीएस मामलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन