Ghansyam Sharma / Mon, Sep 14, 2026 / Post views : 44
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
पत्रिका लुक। उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने से हुई दुर्घटना में कोण्डागांव जिले के मृत और घायल श्रमिकों के परिजनों को शासन की ओर से कुल 28 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी ने प्रभावित परिवारों को सहायता राशि प्रदान की।
दुर्घटना में जिले के तीन श्रमिकों की मौत हुई थी। मृतकों के परिजनों को 9-9 लाख रुपए के हिसाब से कुल 27 लाख रुपए दिए गए। वहीं दो घायल श्रमिकों को 50-50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई। सहायता राशि में मुख्यमंत्री सहायता कोष से 16 लाख रुपए तथा उत्तराखंड शासन से प्राप्त 12 लाख रुपए शामिल हैं।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तलाशने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाकर ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि चमोली हादसे से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राज्य शासन और जिला प्रशासन संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है। इस दौरान एसपी पंकज चंद्रा, अपर कलेक्टर अजय उरांव, एएसपी कपिल चंद्रा, नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह सहित श्रम विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन