Ghansyam Sharma / Wed, Aug 5, 2026 / Post views : 5
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत चिन्हित विभिन्न रोगों के प्रकरणों, उपचार और फॉलोअप की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मरीजों के उपचार में लापरवाही नहीं बरतने तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा।
एचपीवी टीकाकरण अभियान की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए उन्होंने विद्यालयवार रोस्टर तैयार कर शिक्षा विभाग के समन्वय से पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, सतत निगरानी और सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की समीक्षा के दौरान संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच, प्रभावी नियंत्रण और जनजागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए। विद्यालयों में बच्चों की नियमित मलेरिया जांच सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
बैठक में मिशन एमएमआर और टीबी मुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, सीएमएचओ आरके चतुर्वेदी, सिविल सर्जन पीएल मंडावी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन