Ghansyam Sharma / Thu, Sep 11, 2025 / Post views : 211
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( सरला यादव)
जिले में निजी स्कूलों की मनमानी और पालकों से वसूली जा रही अनुचित फीस को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम ने मीडिया से चर्चा में कहा कि जिले के निजी स्कूल लगातार नियमों को ताक पर रखकर पालकों पर दबाव बनाकर अतिरिक्त शुल्क वसूल रहे हैं। इस पर रोक लगाने के लिए 25 अगस्त 2025 को जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन 15 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
नेताम ने आरोप लगाया कि सरस्वती शिशु मंदिर, कोंडागांव ने तीन पालकों से करीब 19 हज़ार रुपये की वसूली की है। प्रारंभिक शिकायत केवल 6,500 रुपये की थी, लेकिन जांच करने पर यह रकम और अधिक निकली। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ईमानदारी से जांच कराए तो कई और मामले उजागर होंगे। बावजूद इसके शिक्षा विभाग अब तक खामोश है, जिससे उसकी भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नेताम ने यह भी कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो विभागीय अधिकारियों का निजी स्कूलों से सांठगांठ या कमीशन तय है, तभी ऐसी मनमानी पर रोक नहीं लग पा रही।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि आज से एक सप्ताह के भीतर पालकों से ली गई रकम वापस नहीं की जाती, तो कांग्रेस 17 सितंबर, बुधवार को सरस्वती शिशु मंदिर और खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बुधराम नेताम ने सरकार पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में "अंधी और बहरी सरकार" है, जहां आमजन की कोई सुनवाई नहीं होती। गरीबों की आवाज़ को दबाया और कुचला जाता है। लेकिन कांग्रेस पार्टी जनहित के हर मुद्दे पर मजबूती से खड़ी है।
कांग्रेस ने प्रशासन को पहले ही समय पर चेतावनी दी है और अब पार्टी ने घेराव की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन