Ghansyam Sharma / Tue, Sep 2, 2025 / Post views : 184
कोण्डागांव। पत्रिका लुक ( सरला यादव)
जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) और जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक जिला कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष व कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
बैठक में डीएमएफ की राशि को शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में प्राथमिकता से व्यय करने पर जोर दिया गया। सांसद कश्यप ने आंगनबाड़ी व स्कूल भवनों की मरम्मत व निर्माण को जरूरी बताया। साथ ही धरती आबा ग्राम उत्कर्ष और आदि कर्म योगी अभियान को शीघ्र प्रारंभ करने तथा सांसद खेल महोत्सव में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। सांसद नाग ने कहा कि डीएमएफ का सदुपयोग कर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाया जाए।
विधायक उसेंडी ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के प्रभावी उपयोग और किसानों को नर्सरी विकास हेतु प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। विधायक टेकाम ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए माओवादी पीड़ित परिवारों को प्राथमिकता से आवास उपलब्ध कराने की बात कही।
कृषि विभाग को किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने, लोक स्वास्थ्य विभाग को जल जीवन मिशन में गुणवत्ता सुनिश्चित कर प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को कुपोषण उन्मूलन हेतु जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से अभियान चलाने कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मलेरिया मुक्त अभियान और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। शिक्षा विभाग से स्कूल व छात्रावासों की मरम्मत, कन्या छात्रावासों में सीसीटीवी, महिला सुरक्षा गार्ड व स्वास्थ्य कर्मी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मनरेगा, आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, ग्राम सड़क योजना, भारत नेट और अन्य योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन