Ghansyam Sharma / Mon, Jun 30, 2025 / Post views : 180
कोण्डागांव |पत्रिका लुक
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की छत्तीसगढ़ राज्य परिषद की राज्य स्तरीय बैठक 29 जून 2025 को बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के शांतिनगर स्थित भाकपा कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक की जानकारी देते हुए राज्य परिषद सदस्य तिलक पांडे ने बताया कि यह बैठक पार्टी के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय आगामी कार्यक्रमों को लेकर अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
बैठक में दिल्ली से पहुंचे पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी व राज्यसभा सांसद कामरेड पी. संतोष विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मेलन सितम्बर 2025 में चंडीगढ़ में आयोजित होगा। इसके पहले छत्तीसगढ़ राज्य परिषद का सम्मेलन 26 और 27 जुलाई को राजधानी रायपुर में करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक की अध्यक्षता कामरेड राजेश संधू ने की।
बैठक में पूर्व राज्य सचिव कामरेड आर.डी.सी.पी. राव, राज्य सह सचिव कामरेड सत्यनारायण कमलेश सहित सीपीआई राज्य परिषद के तमाम सदस्यगण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
पंचायत और नगरीय चुनाव में विजयी प्रतिनिधियों का सम्मान
बैठक प्रारंभ होने से पूर्व हाल ही में बस्तर संभाग में सम्पन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एवं नगर पालिका चुनाव में विजय प्राप्त करने वाले जनप्रतिनिधियों का स्वागत फूल-मालाओं से किया गया। सीपीआई के नेताओं ने इन जनप्रतिनिधियों को संगठन की विचारधारा को जमीनी स्तर पर मजबूती देने का आह्वान किया।
चार प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा
राज्य परिषद की इस बैठक में चार अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, युवाओं और किसानों से संवाद, तथा पार्टी की आगामी रणनीति शामिल रही। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सीपीआई के 100 वर्ष पूर्ण होने पर बस्तर संभाग में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके आयोजन की तैयारी हेतु जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
कामरेड पी. संतोष ने अपने संबोधन में कहा कि आज देशभर में लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमले हो रहे हैं, ऐसे में वामपंथी विचारधारा की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी को ज़मीनी स्तर पर मज़बूत करते हुए जन-सरोकार से जुड़े मुद्दों को उठाना होगा।
विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधि
इस राज्य स्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, महासमुंद, कोरिया, कांकेर, कोंडागांव सहित विभिन्न जिलों से प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में सभी ने अपने-अपने जिलों की गतिविधियों और चुनौतियों पर चर्चा की। साथ ही बैठक में पार्टी एकता और जनसंघर्ष को तेज करने के आह्वान के साथ हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन