Ghansyam Sharma / Mon, Aug 3, 2026 / Post views : 52
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
प्री-मेट्रिक कन्या छात्रावास धनोरा में छात्राओं को कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन तथा सचिव सुश्री गायत्री साय एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी केशकाल श्रीमती सौम्या राय के नेतृत्व में हुआ।
अधिकार मित्र चमेली यादव ने छात्राओं को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006, पॉक्सो अधिनियम, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, यातायात नियमों तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को नालसा हेल्पलाइन 15100 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी बताया।
शिविर में छात्राओं को किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। छात्राओं ने विभिन्न कानूनी विषयों पर सवाल पूछे, जिनका समाधान किया गया। उन्हें बाल विवाह एवं सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने, शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से स्वयं जागरूक बनने और परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी उनके अधिकारों एवं सहायता सेवाओं की जानकारी देने का आह्वान किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन