Ghansyam Sharma / Sun, Sep 13, 2026 / Post views : 114
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
परिस्थितियां कितनी भी विषम क्यों न हों, अटूट संकल्प, अनुशासन और सतत प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है। यह बात छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद के दौरान कही।
संस्थान पहुंचने पर शिक्षकों, सदस्यों और विद्यार्थियों ने मंडावी का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लक्ष्य और भविष्य की योजनाओं को लेकर संवाद किया। इस दौरान आयोग के उपाध्यक्ष एमडी ठाकुर, आदिवासी विकास विभाग के सहायक संचालक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मंडावी ने कहा कि सफलता का रास्ता हमेशा आसान नहीं होता। तैयारी के दौरान असफलता मिलना स्वाभाविक है, लेकिन असफलता से निराश होकर प्रयास छोड़ना उचित नहीं है। विद्यार्थियों को अपनी कमियों की पहचान कर नए उत्साह के साथ दोबारा प्रयास करना चाहिए। उन्होंने समय का सदुपयोग करने, मोबाइल और अनावश्यक गतिविधियों से दूरी रखने तथा नियमित अध्ययन और अभ्यास पर ध्यान देने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि आर्थिक या पारिवारिक परिस्थितियां लक्ष्य की राह में बाधा बन सकती हैं, लेकिन इन्हें स्थायी कमजोरी नहीं बनने देना चाहिए। कठिन परिस्थितियों को चुनौती मानकर आगे बढ़ने से आत्मविश्वास मजबूत होता है।
मंडावी ने लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, समर्पित शिक्षकों और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने पूर्व में यहां से चयनित विद्यार्थियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान की उपलब्धियां शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का प्रमाण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रशासनिक एवं अन्य सेवाओं में चयन के लिए निरंतर मेहनत करने प्रेरित किया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन