Ghansyam Sharma / Wed, Sep 30, 2026 / Post views : 106
एनसीसी मैदान में गूंजा आध्यात्मिक संदेश, विज्ञान देव जी महाराज का भव्य स्वागत
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
आध्यात्मिक चेतना, सेवा और साधना के संदेश से 28 सितंबर सोमवार को एनसीसी मैदान का माहौल भक्तिमय हो उठा। विहंगम योग संस्थान के संत विज्ञान देव जी महाराज के आगमन पर श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। अवसर था एक दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम का, जिसमें कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी सहित बड़ी संख्या में साधक और श्रद्धालु शामिल हुए। विज्ञान देव जी महाराज ने प्रवचन के माध्यम से ध्यान, साधना, सेवा और मानव कल्याण का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर अनंत शक्ति और परम चेतना विद्यमान है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रव्यापी आध्यात्मिक ज्ञान संदेश यात्रा का शुभारंभ 18 जुलाई को कन्याकुमारी की पावन भूमि से हुआ है। यात्रा देश के विभिन्न हिस्सों से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंची है और अब कोण्डागांव में आध्यात्मिक ज्ञान एवं भारतीय संस्कृति का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सेवा भावना, सत्संग और ध्यान-साधना से जुड़कर जीवन को अधिक आनंदित और आध्यात्मिक बनाया जा सकता है।
सनातन संस्कृति और मानव कल्याण का संदेश
विज्ञान देव जी महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में धर्म से लेकर मोक्ष तक का मार्गदर्शन और लोकमंगल से लेकर परलोक मंगल तक की भावना निहित है। आध्यात्मिक ज्ञान के प्रकाश को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा भावना को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान उन्होंने किया।
उन्होंने बताया कि आगामी 14 और 15 दिसंबर को काशी की पावन धरती पर 25 हजार कुंडीय महायज्ञ एवं समर्पण दीपदान का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर दीपदान करेंगे। कार्यक्रम में देश के वीर शहीद सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने और सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन