Ghansyam Sharma / Wed, Sep 30, 2026 / Post views : 49
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
सेवा संकल्प अभियान के तहत माकड़ी विकासखंड के ग्राम रांधना में नवनिर्मित 50 सीटर प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास भवन का लोकार्पण बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने किया। छात्रावास के शुरू होने से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ आवासीय सुविधा मिल सकेगी। इसी अवसर पर 30 लाख रुपए की लागत से बनने वाले महतारी सदन का भूमिपूजन भी किया गया।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए छात्रावास उनका दूसरा घर है। शासन का प्रयास है कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की अपील की। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने छात्रावासों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की पहल की जानकारी दी। कार्यक्रम में ‘नवोन्मेष’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन