Ghansyam Sharma / Thu, Nov 5, 2026 / Post views : 1
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से थाना इरागांव पुलिस ने ग्राम डुंडाबेड़मा में सहयोग चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बाजार पहुंचे ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को अपराधों से बचाव तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड से बचने की समझाइश दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई। इसके साथ ही हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई।
अभियान में नशे के दुष्प्रभाव, नए आपराधिक कानूनों, महिला एवं बाल सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल विवाह और साइबर बुलिंग जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को सहयोग चौपाल और चलित थाना के माध्यम से अपनी समस्याएं सीधे पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और अवैध नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन